मुजफ्फरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिलीवरी के दौरान नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसके सदमे में कुछ घंटे बाद ही महिला की भी मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में चिकित्सक के समझाने पर मामला शांत हुआ। चिकित्सक के मुताबिक महिला के बच्चे का डिलीवरी से पहले दम घुटा हुआ था, जिसके कारण मृत बच्चा हुआ था। उसी के सदमे में जच्चा की भी मौत हो गई।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी फरहान की कई वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर निवासी शहनूर के साथ हुई थी। कुछ समय बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया। फरहान अपने मायके गांव आदमपुर में माता पिता के पास आकर रहने लगी। बुधवार सुबह उसे डिलीवरी हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि इस पर हालत खराब होने पर महिला ने भी दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने मामले की सूचना जिला चिकित्सालय के अधिकारियों को दी। सूचना पर महिला के परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। चिकित्सकों ने उनको पूरा घटनाक्रम समझा कर शांत किया।
प्रभारी डॉ एनपी सिंह ने बताया कि महिला को बच्चे की मौत का झटका लगने के साथ-साथ पति द्वारा चल रहे विवाद से भी वह सहम गई थी। सदमे में महिला की भी मौत हुई है।