बिजनौर। बिजनौर के किरतपुर में झारखंड के तीन श्रमिकों को सांप ने डंस लिया। उपचार के दौरान एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिकों का उपचार चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ग्राम गाजीपुर कुतुब में जल निगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। झारखंड निवासी ठेकेदार टिंकू सिंह टंकी निर्माण कार्य के लिए झारखंड से श्रमिक लाया था। बुधवार रात श्रमिक ग्राम पंचायत भवन में सो रहे थे। जहां सांप ने तीन श्रमिकों को डंस लिया। चीख-पुकार मचने पर आसपास मौजूद श्रमिकों में अफरातफरी मच गई।
ठेकेदार और अन्य साथी तीनों श्रमिकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर लेकर पहुंचे। वहा उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल बिजनौर में उपचार के दौरान एक श्रमिक 45 वर्षीय विष्णु देव पुत्र चोखा राम, निवासी ग्राम नामदेव मलिका, थाना लातेहार झारखंड की मौत हो गई।
वहीं श्रमिक बलराम पुत्र प्रभु राम और कृष्णा राम पुत्र सूखन राम निवासी ग्राम नामदेव मलिका, थाना लातेहार, झारखंड को मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन ठेकेदार ने दोनो को बिजनौर में निजी चिकित्सक के पास ले जाकर उपचार शुरू कराया। उपचाराधीन दोनों श्रमिकों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।