यूपी। अभिनय के क्षेत्र में मेरी फूल सी बच्ची आकांक्षा ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक अलग मुकाम बनाया था। समर सिंह ने मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। वह आकांक्षा से इतनी बेरहमी से पेश आता था कि ऐसा दुश्मन भी नहीं करते हैं। यह कहते हुए सोमवार को वाराणसी के सारनाथ थाने में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे दहाड़े मार कर रोने लगी। उन्होंने कहा कि हमेशा खुश रहने वाली मेरी साहसी बिटिया को समर सिंह की काली नजर लग गई और वह हमें आखिरी सांस तक न भूलने वाला जख्म देकर न जाने कहां चली गई। रोती बिलखती हुई मधु दुबे को उनके परिजन और सारनाथ थाने की महिला पुलिसकर्मी बड़ी ही मुश्किल से संभाले हुई थीं।
रोते-रोते कहा कि मेरी बेटी को इंसाफ चाहिए। गुस्से में पूछा कि अगर समर सिंह ने कुछ नहीं किया तो वह कल से क्यों गायब है। उन्होंने भोजपुरी गायक समर सिंह व उनके भाई संजय सिंह पर प्रताड़ित करने समेत अन्य आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। समर सिंह मूलरूप से आजमगढ़ के मेंहनगर का रहने वाले हैं। आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से वो फरार हैं।
आकांक्षा दुबे भोजपुरी गायक समर सिंह के साथ वाराणसी के टकटकपुर क्षेत्र में लिव इन रिलेशन में रहती थीं। हाल के दिनों में दोनों अलग हुए थे। समर सिंह के दुर्व्यवहार से ही आकांक्षा दुखी रहने लगी थी। इसी वजह से अवसादग्रस्त थी। हालांकि, गायक से मनमुटाव व विवाद का आकांक्षा के काम पर कोई असर नहीं पड़ा था। रविवार सुबह आकांक्षा सारनाथ क्षेत्र के बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरा नंबर 105 में मृत मिली। वह अपने बेड पर बैठी हुई थी और उनके गले पर पंखे के हुक के सहारे दुपट्टे का फंदा था।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे अपने बेटे के साथ सोमवार सुबह मुंबई से वाराणसी पहुंची। सारनाथ थाने में उन्होंने अपनी बेटी की मौत के संबंध में भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर सनसनीखेज आरोप लगाए। कहा कि समर सिंह मेरी बेटी आकांक्षा को रोजाना प्रताड़ित करता था। पैसे हड़प लेता था। तीन साल से टॉर्चर कर रहा था। समर और संजय सिंह ने साजिश के तहत हत्या की है।
आरोप लगाते हुए आकांक्षा दुबे की मां ने कहा कि समर चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ ही फिल्म और गाने में काम करे। काम करने पर वह पैसे भी नहीं देता था। किसी और के साथ काम जाती थी तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और मारता-पीटता था।
मधु दुबे ने कहा कि आकांक्षा ने समर सिंह की करतूतों के बारे में बताया था। एक बार समर ने मेरी बेटी के साथ मारपीट की तो मैंने उससे पूछा था कि वह क्यों ऐसा कर रहा है।
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के अनुसार, समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह ने आकांक्षा से करोड़ों रुपयों का काम कराकर पैसा नहीं दिया। 21 मार्च को समर सिंह के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा दुबे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बारे में आकांक्षा दुबे ने खुद उनको फोन कर बताया था।
मधु दुबे ने कहा कि बीते 21 मार्च को आकांक्षा बस्ती में शूटिंग कर रही थी। उस दिन मोबाइल पर भोजपुरी गायक समर के भाई संजय सिंह का फोन आया था। धमकी दी थी कि तुमको जान से मरवा देंगे। उनके मुताबिक, आकांक्षा की असिस्टेंट रेखा ने भी बताया कि मैडम सेट पर जोर-जोर से रो रही थीं।
मधु दुबे का यह भी कहना है कि जिस अवस्था में आकांक्षा दुबे का शव मिला है उसे देखकर कोई भी कह सकता है कि वह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। जो तस्वीरें सामने आई है, उसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि आकांक्षा दुबे बैठी हुई है। उन्होंने पूछा कि कोई बैठकर कैसे फांसी लगा सकता।
आकांक्षा की मां ने कहा कि कोई इंसान पार्टी से इंजॉय कर आता है, तो फांसी नहीं लगाता। उनका आरोप है कि समर सिंह और उसके भाई ने मिलकर उनकी बेटी आकांक्षा दुबे को मार डाला और अब उन्हें इंसाफ चाहिए।
मधु ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे मोबाइल से आकांक्षा से बात हुई थी। तब वो खुश थी। कोई परेशानी नहीं बताई। 12 बजे रात में फोन किया था तो उसने फोन नहीं उठाया था। किसी पार्टी में जाने की बात भी नहीं बताई थी। रविवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। मैंने समर सिंह और संजय सिंह पर मुकदमा कराया है।
अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवती ने आत्महत्या की है, यह स्पष्ट है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। युवती की मां की तहरीर पर समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।