नोएडा। सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसासटी में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी को त्यागी समाज का समर्थन मिल रहा है। त्यागी समाज ने श्रीकांत त्यागी पर मनमानी धाराएं लगाए जाने का विरोध किया है। समाज के लोगों ने 21 अगस्त को नोएडा में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस आंदोलन की अगुआई मुजफ्फरनगर के कुतुबपुर गांव निवासी मांगेराम त्यागी करेंगे।
नोएडा के सांसद महेश शर्मा इस विरोध प्रदर्शन को टालने के लिए हरसंभव कदम उठा रहे हैं। इस कड़ी में आज मंगलवार को एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कहा जा रहा है कि इसमें एक आवाज महेश शर्मा की है और दूसरी तरफ मांगेराम त्यागी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महेश शर्मा ने मांगेराम त्यागी से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि अगर ऐसे प्रदर्शन हुआ तो ब्राह्मण और त्यागी समाज के बीच खाई बनेगी, जो ठीक नहीं होगा। उन्होंने यह भी सहमति जताई कि छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, उन्हें जमानत मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो कुछ भी किया, वो पार्टी के निर्देशों के अनुरूप किया। नीचे क्लिक कर सुनें बातचीत का पूरा ऑडियो
उधर, मांगेराम त्यागी यह कहते सुनाई देते हैं कि दो पक्षों के बीच मामूली झगड़े को क्या रूप दे दिया। एक महिला की शिकायत पर श्रीकांत त्यागी को सजा मिली, लेकिन उसके बच्चों और उसकी पत्नी को क्यों प्रताड़ित किया गया। कोई श्रीकांत के बच्चों या उसकी पत्नी से कोई मिलने गया तो उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर इमारतें बनी हैं, वो त्यागी और गुर्जरों की है। अगर वे लोग नहीं रहना चाहते तो उन्हें किसी और जगह चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज बेहद गुस्से में है। चाहे लाठीचार्ज कर लेना, हम पीछे नहीं हटेंगे।
इस दौरान बीच-बीच में महेश शर्मा भी उनकी कई बातों पर सहमति देते सुनाई दिए। ऑडियो क्लिप में अंत में मांगेराम त्यागी यह कहते हुए सुनाई दिए कि श्रीकांत त्यागी पर लगी गंभीर धाराएं हटनी चाहिए। इस बारे में सचिव से बात कीजिए। इसके जवाब में महेश शर्मा यह कहने के बाद बातचीत समाप्त कर देते हैं कि वे दिल्ली जाकर उनकी मांगें को सामने रखेंगे।