मुजफ्फरनगर। टैक्स बकाया होने के बावजूद सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ सोमवार को परिवहन व यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। शहर व हाईवे पर कार्रवाई कर 72 वाहनों का चालान किया। जिनमें से 58 वाहनों को सीज कर दिया गया।
परिवहन विभाग (आरटीओ) ने बकाया टैक्स वाले वाहनों के लिए जुर्माना माफी की योजना चलाई रखी है। कुछ वाहनों के संचालकों ने इस योजना का लाभ उठाया, लेकिन अभी हजारों वाहन बिना टैक्स जमा कराए ही सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। इनमें लगभग सात हजार ई-रिक्शा भी हैं।
ई-रिक्शाओं पर शिकंजा कसने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी इरशाद अली ने टीएसआई ब्रज किशोर त्यागी व उनकी टीम के साथ बचन सिंह चौक, महावीर चौक पर अभियान शुरू किया। इस दौरान 58 ई-रिक्शा पकड़ी र्गइं और उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। सभी ई-रिक्शा सीज की गई हैं। उन्हें टैक्स जमा कराने की चेतावनी दी है। हाईवे पर भी यह अभियान चलाया गया। परिवहन यात्री कर अधिकारी व उनकी टीम ने इस दौरान 14 ट्रकों का चालान किया।
शासन ने बकाया टैक्स पर पेनाल्टी माफी की योजना चलाई है। बावजूद इसके वाहन संचालक टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं। सोमवार को टैक्स जमा कराने के लिए ही अभियान चलाया गया था। 58 वाहनों को सीज व 14 वाहनों का चालान किया गया है। यह अभियान लगातार चलाया जाएगा – इरशाद अली, यात्री कर अधिकारी, परिवहन विभाग