लखनऊ। यूपी में मौसम बिगड़ने वाला है। घर से निकलने से पहले अपने शहर के मौसम की जानकारी अपडेट कर लें। मौसम विभाग ने आगामी सात व आठ मई को प्रदेश के विभिन्न अंचलों में आंधी बारिश के आसार जताए हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सात मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। जबकि पश्चिमी अंचल में एक या दो स्थानों पर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
आठ मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा पश्चिमी यूपी में एक या दो स्थानों पर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम में यह बदलाव उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास केन्द्रित एक चक्रवातीय दबाव तथा एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आएगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दरम्यान प्रदेश में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने और उसके बाद अगले तीन दिनों तक दो से तीन डिग्री की गिरावट के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश प्रयागराज तथा मथुरा वृंदावन में सबसे अधिक दिन का तापमान क्रमशः 43-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बागपत व झांसी में यह 42-42 डिग्री सेल्सियस रहा।
बरेली में मौसम ने शनिवार को कई रूप दिखाए। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और काफी हद तक गर्मी से भी राहत रही। लेकिन दोपहर होते-होते मौसम फिर पुराने तेवर में वापस आ गया। कड़ी धूप से तापमान बढ़ा और गर्मी से लोग परेशान हो गए। पहले 5 मई से बूंदाबादी के आसार जताए जा रहे थे लेकिन अब बादल छंटने की वजह से तीन दिन बाद ही मौसम में बदलाव का अनुमान है। शनिवार की रात काफी गर्म रही और तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो गया। हालांकि सुबह आसमान में बादल होने की वजह से धूप नहीं निकली और हल्की हवाएं चलने की वजह से गर्मी थोड़ा कम हुई, लेकिन 11 बजे के बाद अचानक बादल छंट गए और कड़ी धूप के चलते गर्मी बढ़ गई। शाम तक धूप के चलते गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 मई से बादल छा सकते हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबादी भी हो सकती है।
लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार दोपहर तक बदले मौसम से गर्म हवाओं से लोगों को आराम मिला। दिन चढ़ते ही आसमान से बादल छटने से तेज धूप निकल आई। वही सुबह से बाजारों में बनी रौनक दिन होते ही फीकी पड़ गई। मौसम के जानकारों की माने तो अगले दो दिनों में जिले में बारिश के आसार है। अगर बारिश हुई तो मौसम में बदलाव आएगा। बदले हुए मौसम से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक निजात मिलेगी। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल को छोड़कर अन्य फसलों के लिए इस समय पानी गिरना फायदेमंद साबित होगा। वही मौसम के बदलाव पर डॉक्टरों का कहना है कि अगर बारिश होती है। तो ऐसे में बदले मौसम में बच्चे बूढ़ों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है। इस तरह बीच-बीच में होने वाले मौसम के बदलाव से लोगों में वायरल फीवर, डायरिया जैसी बीमारियां अधिक होती है। मौसम के बदलाव में खास कर बच्चें बूढ़ों पर ध्यान देने की जरूरत है।