सहारनपुर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर सोमवार को मेरठ जिले के सरधना के रहने वाले एक परिवार की कार ट्रक से टकरा गई। कार में सवार दंपती समेत तीन की मौत हो गई। दंपती का एक बेटा और एक भतीजे का मेरठ में उपचार चल रहा है। हादसे का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसा होते ही कार के एयरबैग खुल गए थे। इसके बाद भी जान नहीं बच सकी।
मेरठ जनपद के सरधना के मोहल्ला घोसियान निवासी अकबर पुत्र वासिफ अपनी क्रेटा कार से परिवार के सदस्यों के साथ गागलहेड़ी के गांव सैय्यद माजरा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। सोमवार की दोपहर करीब 11 बजे सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गांव सिड़की के पास कट से एक ट्रक पेट्रोल पंप पर जा रहा था। उसी समय कार की स्पीड अधिक होने के कारण चालक कार को कंट्रोल नहीं कर सका और कार ट्रक में जा घुसी।
कार में सवार 48 वर्षीय अकबर पुत्र वासिफ, अकबर की 45 वर्षीय पत्नी इशरत, अकबर का बेटा लविश, भतीजा आरिश पुत्र कल्लू और क्रेटा कार का चालक साकिब पुत्र इरफान गंभीर रूप से घायल हो गए। नागल थाना प्रभारी देशराज सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डाक्टरों ने इशरत को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी चार को मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में 32 वर्षीय चालक साकिब और परिवार के मुखिया अकबर की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। हालांकि नागल पुलिस इन दोनों की मौत की पुष्टि नहीं कर रही है। लविश और आरिश का अभी उपचार चल रहा है। साकिब और अकबर के शव सरधना पहुंच गए है, लेकिन महिला का पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण शव नहीं पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, क्रेटा कार में साकिब कार चला रहे थे। अकबर चालक की बराबर वाली सीट पर बैठे हुए थे। नागल थाना प्रभारी देशराज का कहना है कि हादसा होते ही कार के एयरबैग खुल गए थे। अकबर और साकिब की फिर भी जान नहीं बच सकी। पुलिस के अनुसार, कार की स्पीड 110 से अधिक थी। इसी कारण तीन लोगों की जान गई है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चालक फरार है।