मुज़फ्फरनगर। तितावी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक शशांक श्रीवास्तव ने थाने में दी तहरीर में बताया कि यश सिक्योरिटी के माध्यम से समय सिंह नाम के सिक्योरिटी गार्ड को मिल में 16 जून 2023 को नियुक्त किया गया था। उसने सात मार्च के बाद अचानक मिल में ड्यूटी पर आना बंद कर दिया। तीन दिन बाद पता चला कि समय सिंह ने अपने शामली के थानाभवन क्षेत्र स्थित गांव गोगवान जलालपुर में घर पर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे परिजनों ने इलाज के लिए मेरठ में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। 21 मार्च को गांव के राजनीतिक लोगों सहित 100 लोग सुबह के समय मिल के बाहर आ गए और जानबूझकर गेट बंद कर दिया।
इसके बाद उन्होंने मृतक का शव गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं मिल के सुरक्षा कर्मियों सहित उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। शशांक श्रीवास्तव ने लिखाया कि गांव वालों ने उन पर आरोप लगाया कि समय सिंह उनकी वजह से डिपरेशन में था। उसकी गन भी जब्त की गई थी, जबकि यह सभी आरोप निराधार है। उन्होंने थाने में तहरीर देते हुए प्रदर्शन करने वाले 100 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।