मुजफ्फरनगर। थाना छपार पुलिस की रविवार देर रात बढेड़ी व दहियाना के रजवाहे पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें दस हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। घायल से एक तमंचा और बाइक बरामद की गई है।
रविवार देर रात छपार थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। बढेड़ी व दतियाना के बीच रजवाहे पर पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बाइक की स्पीड तेज करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसका साथी फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बदमाश आजाद उर्फ भोंगा उर्फ आबेखान निवासी भोपुर थाना भोजपुर मुरादाबाद पर थाने से दस हजार का इनाम घोषित था। वह जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। उसके पास से एक बाइक और तमंचा बरामद किया गया है। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।