बागपत/मुजफ्फरनगर। यमुना में नहाते समय ममेरे-फुफेरे भाई डूब गए। हादसे में फुफेरे भाई की मौत हो गई। ममेरे भाई को सकुशल यमुना से बाहर निकाला गया। हादसे से स्वजन व रिश्तेदार गमजदा हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर के ग्राम लुसाना निवासी संजू के बेटे 17 वर्षीय सागर 11वीं का छात्र था। वह सोमवार शाम बागपत के ग्राम गौरीपुर जवाहरनगर में अपने मामा सुखवीर सिंह के घर आया था। ग्राम प्रधान आरती के पति संजीव कुमार के मुताबिक छात्र सागर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने ममेरे भाई 13 वर्षीय गौरव के साथ यूपी-हरियाणा बार्डर के निवाड़ा पुल के निकट यमुना में नहाने गया। नहाते समय दोनों ममेरे-फुफेरे भाई डूबने लगे। गौरव किसी तरह यमुना से सकुशल निकलने में कामयाब हुआ। अपने घर पहुंच उसने घटना से स्वजन को अवगत कराया।
सैकड़ों ग्रामीण हादसा स्थल पर पहुंचे। सुखवीर समेत दर्जनों ग्रामीणों ने सागर की तलाश में यमुना में छलांग लगा दी। घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीण सागर को यमुना से निकालने में कामयाब हुए। सागर को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डा. राजेश कुमार ने सागर को मृत घोषित कर दयि। बाद में स्वजन बगैर पुलिस कार्रवाई के सागर के शव को लेकर चले गए। प्रधानपति संजीव कुमार ने बताया कि सागर के पिता संजू का पूर्व में निधन हो चुका है। उसके एक बहन और एक भाई है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।