डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर से सुकून के पल जीने के लिए बरनावा आश्रम पहुंच गया है। हर बार की तरह इस बार भी हनीप्रीत साथ आई हैं। बताया गया कि राम रहीम 40 दिन के पैरोल पर आया है।
बता दें कि दुष्कर्म व हत्या के मामले में गुरमीत राम रहीम सुनारिया जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा है। उसे शनिवार को हरियाणा पुलिस के सुरक्षा घेरे में बरनावा आश्रम लाया गया। अब वह 40 दिनों तक यहीं पर सुकून के साथ रहेगा।
पुलिस के अनुसार गुरमीत राम रहीम के साथ हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी आए हैं। हरियाणा पुलिस शनिवार की दोपहर को रोहतक की सुनारिया जेल से राम रहीम को लेकर निकली थी।
वहीं बागपद जनपद में आने पर राम रहीम को सुरक्षा दी गई है। डेरे के मुख्य द्वार पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया।
गुरमीत राम रहीम की चार गाड़ियों को सुरक्षा में लेकर सीओ बागपत डीके शर्मा, थाना प्रभारी बिनौली सलीम अहमद व हरियाणा पुलिस आश्रम बरनावा में करीब तीन बजकर 20 मिनट पर पहुंची। इन चारों गाड़ियों में से एक गाड़ी में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम था।
वहीं राम रहीम के आश्रम में प्रवेश करते ही मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया। अब आश्रम के गेट पर पुलिस का सख्त पहरा है।
बताया गया कि साध संगत के आश्रम के अंदर प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। सीओ बागपत डीके शर्मा ने बताया कि पैरोल के नियमों का पालन करते हुए आश्रम में भीड़ नही जुटने दी जाएगी। यदि नियमों का उलंघन हुआ तो करवाई भी की जाएगी।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बरनावा के आश्रम में पैरोल पर तीसरी बार आया है। यहां वह सबसे पहले बीते वर्ष 17 जून को 30 दिन व 15 अक्टूबर को 40 दिन के पैरोल का समय बिताने के बाद 25 नवंबर को वापस सुनारिया जेल ले जाया गया था। तीसरी बार भी वह 40 दिन के पैरोल पर बरनावा आश्रम में आया है।
डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के संस्थापक शाह सतनाम सिंह महाराज का 25 जनवरी को जन्मदिन है। इसके लिए ही वह पैरोल लेकर बरनावा पहुंचा।