यूपी। आजमगढ़ जिले के बछवरा गोवर्धनपुर गांव में शुक्रवार को दिन में साढ़े तीन बजे लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई तो वहीं दो अन्य झुलस गए। पुलिस ने झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
बछवरा गोवर्धनपुर गांव के कई घरों में एलटी लाइन के एचटी लाइन में संपर्क हो जाने के चलते हाईटेंशन करंट दौड़ गया। जिससे घरों में लगे बिजली के उपकरणों में शार्ट सर्किट होने लगी। गांव निवासी संतोष राजभर (35) बोर्ड में लगे मोबाइल चार्जर को निकालने गया तो वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पड़ोसी अमन राजभर को एमसीबी गिराते समय करंट लग गया, जिससे वह झुलस गया। इसके अलावा बगल के ही घर में रहने वाली कंचन हैंडपंप के पास बर्तन धो रही थी। हैंडपंप से मोटर लगा हुआ था। जिसके संपर्क में आने पर कंचन भी झुलस गई। कई अन्य घरों में भी बिजली के उपकरण आदि जल गए।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झुलसे अमन व कंचन को ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। संतोष पांच पुत्री व एक पुत्र का पिता था। वह रोजी रोटी के लिए दुबई रहता था। चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए वह 10 दिन पूर्व घर आया था। छह जून को उसे वापस दुबई जाना था।
इसके पूर्व बीते 24 मई को अहरौला थाना क्षेत्र के परगाशपुर गांव में भी हाईटेंशन करंट लोगों के घरों में दौड़ गया था। जिसमें गांव निवासी रिंकू मद्धेशिया की करंट से मौत हो गई थी। वहीं लोगों के घरों के बिजली के उपकरण जल गए थे।