सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने देवबंद में एक बयान में कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगा। उन्होंने भाजपा पर राम के सहारे राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर कोर्ट के आदेश पर बनाया जा रहा है। इसमें भारतीय जनता पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। भाजपा केवल भगवान राम के सहारे अपनी राजनीति कर रही है।
शिवपाल यादव ने रविवार को देवबंद में स्टेट हाइवे स्थित पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राव कारी साजिद के प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना वजह ही राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रही है। जबकि हकीकत यह है कि राम मंदिर निर्माण में भाजपा की कोई भूमिका ही नहीं है। उसका निर्माण कोर्ट के आदेश पर हो रहा है।
देश की जनता को गुमराह करने के लिए भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है। शिवपाल यादव ने कहा कि किसान और जनविरोधी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बनाया गया है। गठबंधन के पास पीएम पद के लिए कई चेहरे हैं। साथ ही उन्होंने मथुरा विवाद पर कहा कि मामला न्यायालय में है कोर्ट का जो भी फैसला होगा वह सर्वमान्य होगा।
उन्होंने भाजपा पर देश के संवैधानिक उपक्रमों को असंवैधानिक तरीके से कब्जा करने का आरोप लगाया। यादव ने बताया कि अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में सपा को अभी कोई निमंत्रण नहीं मिला है। इसमें सपा सरकार के पूर्व काबीना मंत्री शाहिद मंजूदर, पूर्व मंत्री सरफराज खान, सपा जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद, असद जमाल फैजी आदि मौजूद रहे।