लखनऊ। यूपी को केंद्र की ओर से 15 लाख कोरोना वैक्सीन दे दी गई है। अब इसका जिलों में वितरण शुरू कर दिया गया है। फिलहाल टीके मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक वैक्सीन की किल्लत होने से सतर्कता (प्रीकाशन) डोज लगवाने के लिए पहुंच रहे लोग बड़ी संख्या में मायूस होकर लौट रहे थे। अब जरूरत के अनुसार टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। अभी सिर्फ 138 केंद्रों पर ही वैक्सीन लग पा रही है। अब टीकाकरण की रफ्तार बढ़ेगी।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 15 लाख वैक्सीन दे दी गई है। कोविशील्ड वैक्सीन दी गई है। सभी जिलों में जरूरत के अनुसार टीके का वितरण शुरू कर दिया गया है। प्रदेश में अभी तक 17.69 करोड़ लोगों ने टीके की पहली, 16.88 करोड़ ने दूसरी और 4.48 करोड़ लोगों ने वैक्सीन की सतर्कता डोज लगवाई है। यानी 27 प्रतिशत लोगों ने ही अभी तक सतर्कता डोज लगवाई है।
टीके की कमी के कारण इस समय अभियान सुस्त गति से चल रहा था और अब इसमें तेजी आएगी। टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी 500 से अधिक की जा सकती है, ताकि जो लोग सतर्कता डोज लगवाने आ रहे हैं उन्हें तत्काल टीका लगाया जा सके। यूपी की मांग को देखते हुए छोटे राज्यों की बची हुई वैक्सीन यहां फिलहाल भेजी गई है। आगे उसकी मांग के अनुसार और वैक्सीन आवंटित की जाएंगी।