अयोध्या। अयोध्या के मंडल आयुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंदिर का मुख्य मार्ग रामपथ दिनभर श्रद्धालुओं से अटा रहा। उत्साह इस कदर था कि सुबह भीषण शीतलहर के बावजूद हजारों श्रद्धालु सर्पाकार कतारों में भक्तिभाव में लीन होकर मंदिर खुलने का इंतजार करते दिखे। इनमें से अधिकतर तीन दिन से यहीं रुके थे। रामपथ, धर्मपथ व रामजन्मभूमि पथ पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। बाहरी वाहनों के रोक के बावजूद श्रद्धालु पैदल ही अयोध्या पहुंच गए थे। मंदिर खुलते ही भक्त उमड़ पड़े। हालांकि, दर्शन के लिए उन्हें कुछ पल का ही समय मिल सका। दोपहर करीब दो घंटे हुजूम इतना बढ़ा कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी जूझते दिखे। अयोध्या में दिनभर श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोपहर में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार को रामनगरी में व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए भेजा। दोपहर में यहां पहुंचे दोनों अधिकारियों ने कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार और एसएसपी राजकरण नय्यर से चर्चा कर हुजूम को नियंत्रित करने के उपाय लागू कराए। बाद में, शाम करीब सवा चार बजे सीएम योगी खुद अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पहले हेलिकॉप्टर से रामजन्मभूमि व रामपथ का हवाई सर्वेक्षण किया, फिर राममंदिर पहुंचे। जिला प्रशासन व श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने तय किया है कि अब सुबह छह से रात दस बजे तक अनवरत दर्शन होंगे। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि इस बीच आरती व भोग के लिए थोड़ी देर दर्शन रोके जाएंगे।