अमरोहा। यूपी के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां दो बहनों की एक साथ हुई शादी में जूता चुराई के नेग को लेकर दोनों तरफ के बाराती आपस में भिड़ गए। विवाद एक पक्ष के दूल्हे के 5 हजार रुपये का नेग देने पर हुआ। दूसरे पक्ष के लोगों को यह अपनी बेइज्जती लगी और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। बारात में शामिल एक कार में भी तोड़फोड़ की गई। मामला पुलिस तक पहुंचा। हालांकि, बाद में बिरादरी के लोगों ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया। फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
घटना शनिवार रात नगर के मोहल्ले की है। एक बैंक्वेट हॉल में दो बहनों की शादी का कार्यक्रम था। एक की बारात संभल तो दूसरी की बारात उझारी कस्बे से आई थी। दुल्हन पक्ष की युवतियों ने दोनों दूल्हों के जूते चुरा लिए। बताया जा रहा है कि एक दूल्हा नेग को लेकर हुज्जत कर रहा था जबकि, दूसरी बारात के दूल्हे ने झटपट 5000 रुपया का नेग निकालकर दे दिया। पहली वाली बारात के लोगों को यह अपनी बेइज्जती लगी। दोनों बारातों में शामिल लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के तीन व दूसरी बारात के दो लोग घायल हो गए।
बारात में शामिल एक कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। मारपीट में घायल पांचों लोग कोतवाली पहुंचे और एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भेज दिया। खबर लगते ही बिरादरी के लोग कोतवाली पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। इसके बाद दोनों बारातों की विदाई हो सकी। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि दो बारात के लोगों के बीच जूता चुराई के नेग को लेकर मारपीट हुई थी। घायलों का उपचार कराया गया है। किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अगर तहरीर प्राप्त होती है तो कार्रवाई की जाएगी।