देहरादून. आपदा प्रभावित मालदेवता क्षेत्र में दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां सरखेत में नदी निरंतर भूकटाव कर रही है। देहरादून में तेज बारिश के बाद सीतापुर सरखेत में तबाही का मंजर जारी है। यहां बहुत तेज बारिश हो रही है। जिस कारण कई लोग अपने घरों में फंस चुके हैं। मालदेवता में कई घरों में जलभराव हो गया है। यहां शेरकी गांव स्थित कल्याण सिंह के घर में पानी भर गया है।
तेज वर्षा के कारण मालदेवता के पीएनबी खाले के पास तेज पानी के साथ सड़क पर मलबा आ गया है। यहां मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है। मालदेवता से धनोल्टी चंबा मार्ग जाने वाले मार्ग पर भारी मलबा आ गया है।
जिलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र मालदेवता का निरीक्षण किया। प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पालतू गाय फंसे होने पर जिलाधिकारी ने पशुओं को जल भराव स्थल से संभावित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल एसडीआरएफ के माध्यम से रेस्क्यू करवाया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
चमोली में भी लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन हुआ है। यहां थराली के वार्ड नंबर 04 प्राणमति तोक में पेड़ और नहर टूटने से मलबा आवासीय मकानों में जा गिरा है। स्थानीय लोगों की सहायता से घरों को खाली करवा दिया गया है।जन हानि और पशुहानि नहीं हुई है। यहां तीन घरों में मलबा भरा हुआ है।
वहीं इससे पहले रविवार को दोपहर बाद करीब दो घंटे हुई तेज वर्षा से ग्रामीण सहमे दिख। बीते 19 अगस्त को मालदेवता के बांदल घाटी क्षेत्र में बादल फटने के बाद आपदा आई थी। यहां अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है।
तब सरखेत पीपीसीएल गांव के ग्रामीणों के मकान को बांदल नदी के रौद्र रूप में जमींदोज हो गए थे। उक्त ग्रामीण अभी भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।