एमपी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को टीकमगढ़ जिले के जतारा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बाेलते हुए उसे बहुत चालू पार्टी बता दिया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को टीकमगढ़ जिले के जतारा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट मत देना। कांग्रेस बहुत चालू पार्टी है।
कांग्रेस वोटों के लिए जाति आधारित जनगणना चाहती है। जब उनसे पूछा गया कि यदि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश में किंग मेकर बनती तो वह किस के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तो उन्होंने जवाब दिया कि किंगमेकर बनना जरूरी नहीं है। पहले पिछड़ों को 27 फीसदी आरक्षण दिलाना पहली प्राथमिकता होगी।
अखिलेश यादव ने कहा- यदि आपको राशन के नाम पर कुछ नहीं मिल रहा है, तो आप बीजेपी को वोट क्यों देंगे? कांग्रेस को वोट भी मत दीजिए। कांग्रेस बहुत चालाक पार्टी हैं। कांग्रेस से सावधान रहोगे या नहीं… बंसल जी दुखी थे कि कांग्रेस ने उन्हें धोखा दे दिया।
यदि कांग्रेस हमें धोखा दे सकती है तो आप के साथ ऐसा क्यों नहीं कर सकती है। इसलिए साथियों कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस वोटों की खातिर जाति आधारित जनगणना चाहती है…
अखिलेश यादव ने कहा कि यह सही है कि हम लोग मध्य प्रदेश में शुरुआत कर रहे हैं। लेकिन अब हम मध्य प्रदेश में लगातार काम करते रहेंगे। हमें सूबे के नौजवानों पर पूरा भरोसा है। हम लोग जाति जनगणना कराना चाहते हैं।
भाजपा और कांग्रेस की बातों में मत आना। कांग्रेस भी जाति आधारित जनगणना की बात कहने लगी है। कांग्रेस आपका वोट लेने के लिए जाति जनगणना की बात कर रही है। हम आपको हक दिलाने के लिए जाति जनगणना कराने की मांग कर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा के काम करने का तरीका अलग है। भाजपा के लोग लूट पर भरोसा करते हैं। भाजपा के लोग लोकतंत्र पर नहीं लूटतंत्र पर भरोसा करते हैं। अगर हम अपराध के आंकड़े देखे तो पाते हैं कि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा पीड़ित माताएं बहनें हैं।
इसमें दलित और आदिवासी समाज की महिलाएं ज्यादा हैं। हम लोगों ने इंतजाम किया था कि फोन मलाते ही 10 मिनट में पुलिस पहुंच जाएगी। मध्य प्रदेश में कोई ऐसी व्यवस्था नजर नहीं आती है। मैंने पिछली सभा में पूछा था कि एमपी में पुलिस कब पहुंचती है लोगों ने बताया था कि यदि सुबह घटना हो तो अगली सुबह पुलिस पहुंचेगी।