बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में सहमति संबंध (लिव-इन रिलेशनशिप) में रह रही पिंकी सागर की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके प्रेमी जोगेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया किया कि दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद पिंकी उसे गालियां देने लगी। उसे गुस्सा आया तो चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी। मेहतरपुर करोड़ गांव निवासी डेयरी संचालक जोगेंद्र यादव ने बताया कि उसकी शादी 19 साल पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। छह साल पहले उसकी मुलाकात हरुनगला निवासी पिंकी से हुई थी। उस वक्त पिंकी अपने पति से अलग हो चुकी थी। दोनों सहमति संबंध में साथ रहने लगे।
छह माह से रामगंगा नगर कॉलोनी के सेक्टर सात में दोनों किराये के घर में रह रहे थे। आरोपी जोगेंद्र ने बताया कि तीन मई को दोनों पिंकी की सहेली के घर गए थे। वहां दोनों ने शराब पी। इसी बीच पिंकी से कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों रामगंगा नगर कॉलोनी आ गए। यहां दोनों ने दोबारा शराब पी और खाना खाया। यहां उनका दोबारा झगड़ा शुरू हो गया।
जोगेंद्र ने बताया कि पिंकी गाली-गलौज करने लगी थी। मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गई। जोगेंद्र ने बताया कि उसे गुस्सा आया। उसने पास में रखे चापड़ से उसके ऊपर कई वार किए। जब पिंकी गिर गई तो वह स्कूटी लेकर वहां से भाग गया। सीओ हाईवे नितिन कुमार ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। घटना अकेले जोगेंद्र ने ही की थी।