लखनऊ. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। मंगलवार को उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। अखिलेश यादव के साथ सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने भी लोकसभा की सदस्यता छोड़ दी है। दोनों नेताओं ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया था। अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव जीते थे, जबकि आजम खान रामपुर से विधायक बने थे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही यह चर्चा चल रही थी कि अखिलेश यादव विधायकी छोड़ेंगे या लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। माना जा रहा था कि वह करहल सीट से विधायकी छोड़ सकते हैं लेकिन मंगलवार को उन्होंने सारी अटकलों को गलत साबित कर दिया। अखिलेश ने अपनी विधायकी बरकरार रखी है और संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह यूपी के आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं।
अखिलेश ने दिया लोकसभा से इस्तीफा, योगी सरकार का विधानसभा में खुद करेंगे सामना #Akhileshyadav #Yogiadityanath #Samajwadiparty #Amrishbaliyan pic.twitter.com/63eEaidPno
— ASB NEWS INDIA (@asbnewsindia) March 22, 2022
अखिलेश के अलावा रामपुर से सांसद आजम खान ने भी लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह रामपुर की विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे और जीत दर्ज की थी। जेल से ही चुनाव लड़ने वाले आजम खान ने बीजेपी उम्मीदवार आकाश सक्सेना को 55 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हराया था।
अखिलेश ने करहल से दर्ज की थी जीत
बीते विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने करहल सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने इस सीट पर आसानी से जीत दर्ज कर ली थी। यहां से अखिलेश यादव ने बीजेपी के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को 66 हजार मतों के अंतर से हराया था। उनके प्रचार में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी मैदान में उतर गए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिला था और सपा 100 सीटों का आंकड़ा पार कर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।