मैनपुरी :बेवर क्षेत्र के गांव घुटारा में सभा को संबोधित करने पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आम जनता को सांड़ से नहीं बचा पा रहे हैं। बच्चों में इस कदर आवारा जानवरों का आतंक है कि वे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के गांव घुटारा में एक सभा को संबोधित करने पहुंचे सपा प्रमुख ने भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जनता को मुख्यमंत्री सांड से सुरक्षा नहीं दे पा रहे हैं। सड़कों पर बच्चे और बूढ़े सांड के डर से निकल नहीं पा रहे हैं। ऐसी सरकार जनता के किस काम की।
पूर्व पैक्सफेड चेयरमैन तोमाराम यादव द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे। इंडिया गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं को लेकर उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ भाजपा को रोकना है। गठबंधन के सभी दलों को इसी सोच के साथ काम करना चाहिए। रणनीति तैयार करनी चाहिए कि आखिर कैसे भाजपा का मुकाबला किया जाए।
सैफई में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का दौरान निरस्त होने पर उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम ने मेडिकल कॉलेज का ठेका एक राष्ट्रीय कंपनी से छीनकर अपने चेले को दे दिया। इसलिए वे सैफई नहीं आए। उन्होंने कहा कि भाजपा बुनियादी सवालों के बजाए धार्मिक मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। किसानों को उनकी उपज का दाम नहीं मिल रहा है, लेकिन उस पर कभी भाजपा बात नहीं करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा नेताजी के बताए रास्ते पर चलने का काम करेगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, विधायक बृजेश कठेरिया, पूर्व मंत्री तोताराम यादव आदि मौजूद रहे।