आगरा: ताजगंज स्थित पार्श्वनाथ पंचवटी प्लाजा में एक समाचार पत्र के दफ्तर पर सोमवार रात को फायरिंग की गई। हमलावर ने तीन फायर किए। इसमें एक कर्मचारी आनंद गोली लगने से घायल हो गया। इसी कार्यालय में ही पिनाहट के पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता सुग्रीव चौहान का कार्यालय है। फायरिंग की आवाज सुनकर वह आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना तकरीबन 8:30 बजे की है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव चौहान ने बताया कि वह पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी में रहते हैं। उनका कार्यालय कॉलोनी के बाहर प्लाजा में है। प्लाजा में दो केबिन बने हैं। एक तरफ एक समाचार पत्र का कार्यालय चलता है तो दूसरी तरफ उनका कार्यालय है। उन्होंने रात में अचानक गोली चलने की आवाज सुनी। एक के बाद एक तीन गोली मारी गईं। वह अपने केबिन में बैठे थे।
कर्मचारी के गर्दन के ऊपर लगी गोली
आवाज सुनकर बाहर आ गए। देखा तो समाचार पत्र के दफ्तर में कर्मचारी असद गली, ताजगंज निवासी आनंद के गर्दन के ऊपर गोली लगी हुई थी। वह कंप्यूटर पर कार्य कर रहा था। दरवाजे पर लगा शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। सुुग्रीव चौहान के मुताबिक उन्होंने घायल कर्मचारी को तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। बाद में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह और सीओ सदर राजीव कुमार पहुंच गए। मामले की जांच की गई।
सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि कर्मचारी के गर्दन के ऊपर गोली लगी है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। बाइक पर दो युवक आए थे। इनमें से एक कार्यालय की तरफ आया और गोली मारकर अपने साथी के साथ भाग गया। वह किधर गए, इसका पता सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से किया जा रहा है।
कर्मचारी से पूछताछ के बाद रंजिश का पता करेगी पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कि पूर्व ब्लाक प्रमुख पिनाहट पर जानलेवा हमला हुआ है। मगर, पुलिस जब पहुंची तो पूर्व ब्लाक प्रमुख पर हमले की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि घायल का उपचार कराया जा रहा है। उससे बात कर किसी तरह की रंजिश के बारे में पूछताछ की जाएगी।
सुग्रीव चौहान का कहना है कि उनके कार्यालय में ही समाचार पत्र का दफ्तर बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि हमला कहीं उनके लिए तो नहीं कराया गया। इसकी पुलिस को जांच करनी चाहिए। हमले से कुछ देर पहले कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा उनके बारे में पूछताछ की गई थी।