मुजफ्फरनगर. भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी एडवोकेट सत्यपाल सिंह सैनी शुक्रवार दोपहर एक हादसे में बाल-बाल बचे। मुजफ्फरनगर से सहारनपुर जाते वक्त उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के वक्त पूर्व सांसद और प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी पार्टी प्रोग्राम में शामिल होने के लिए सहारनपुर जा रहे थे। प्रदेश उपाध्यक्ष की कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। ये हादसा शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे मुजफ्फरनगर और सहारानपुर के बीच हुआ। प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि हाईवे पर उनकी कार के आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसकी वजह से उनकी कार आगे चल रही कार में जा भिड़ी।
इससे पहले कि वो कुछ समझ पाते, पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार दोनों तरफ से क्षतिग्रस्त हो गई। तेज टक्कर लगने की वजह से कार सवार प्रदेश उपाध्यक्ष और उनके स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं।
सत्यपाल सैनी 2014 में सपा के मौजूदा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को हराकर सांसद बने थे। आजादी के बाद से संभल लोकसभा सीट पर भाजपा की यह पहली और इकलौती जीत थी। सत्यपाल सैनी बचपन से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। भाजपा संगठन में भी जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष तक के महत्वपूर्ण पद पर उन्हें जिम्मेदारियां मिली हैं। मौजूदा वक्त में वो पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ एमएलसी भी हैं। एडवोकेट सत्यपाल सिंह सैनी का मुरादाबाद के पाकबड़ा में निवास है।