मुजफ्फरनगर के सिसौली में कस्बे की पट्टी सूंडियान में घर में आराम कर रहे बुजुर्ग किसान पर फायर झोंक दिया गया। गोली लगने से किसान घायल हो गया। फायर और शोर-शराबे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वहीं परिजन घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
कस्बे की पट्टी सूंडियान निवासी हरपाल सिंह (80) शनिवार देर रात अपने घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने किसान पर फायर झोंक दिया। गोली किसान के हाथ में लगी। किसान ने शोर मचाया तो परिजन और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया कि घायल किसान को पहले गांव के ही निजी डॉक्टर को दिखाया गया, इसके बाद शामली उपचार के लिए ले गए। भौराकलां थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण की जानकारी ली। किसान पर हमले की सूचना से सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।