रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए 17 को मतदान होगा। इसमें झारखंड प्रदेश कांग्रेस के 319 स्टेट डेलीगेट्स अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।प्रवक्ता सतीश पाल मुंजनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राज्य के सभी डेलीगेट्स से सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए होने वाला मतदान पूरी तरह से निष्पक्ष होगा। सभी डेलीगेट्स को दूरभाष के माध्यम से होने वाले चुनाव में मतदान करने से संबंधित सारी सूचनाएं उपलब्ध करा दी गई है। मतदान कराने के लिए पीआरओ प्रकाश जोशी, एपीआरओ भवेश चौधरी एवं जितेन्द्र कसाना 16 अक्टूबर को रांची आएंगे। उनकी निगरानी में ही मतदान की सारी प्रक्रिया सम्पन्न होगी।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। तैयारियों का जायजा लेने 16 अक्टूबर को निर्वाचन पदाधिकारी प्रकाश जाेशी रांची आएंगे। उनके साथ दो सहायक निर्वाची पदाधिकारी भी आएंगे। निर्वाचन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचन पदाधिकारी उसी दिन चुनाव में झारखंड से भाग लेनेवाले 319 प्रदेश डेलीगेट्स को पहचान पत्र देंगे तथा चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देंगे।
17 अक्टूबर को होनेवाले चुनाव में झारखंड के डेलीगेट्स प्रदेश कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र में वोट डालेंगे। बता दें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मिल्लकार्जुन खड़गे तथा शशि थरूर चुनाव मैदान में हैं। यह संभावना जताई जा रही कि आलाकमान से जिस उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के निर्देश आएंगे, झारखंड के डेलीगेट्स उन्हें ही मतदान करेंगे।