मुरादाबाद। जिले में एक बडे पुलिस अफसर की सुरक्षा में तैनात मुजफ्फरनगर निवासी पुलिसकर्मी ने बीती देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह को वजह माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद में सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह के गनर कांस्टेबल अजित कुमार ने लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अजित कुमार मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे। सीओ सिंह ने बताया कि नागफनी क्षेत्र में अजित कुमार किराए के मकान में रहते थे। रात में वह ड्यूटी खत्म करने के बाद करीब 11 बजे घर चले गए थे।
देर रात उन्होंने खुद को लाइसेंसी रायफल से गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ही घटना का पता चल सका। सीओ ने बताया कि शुरुआती छानबीन में पता चला है कि अजित की पत्नी और ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। शायद इसी तनाव में उन्होंने खुदकुशी कर ली हो।