मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला प्रॉपर्टी डीलर ने अपने पति समेत छह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला ने पति पर आरोप लगाया है कि वह उसके अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है।
पीड़िता ने मझोला थाने में दी तहरीर में बताया कि वह इंश्योरेंस और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। संभल जनपद के चंदौसी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाला युवक एक दिन पीड़िता के कार्यालय में प्लाॅट खरीदने की बात करने आया था।
इस दौरान आरोपी ने उससे मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी थी। इसी बीच आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। 21 अगस्त 2022 को आरोपी ने युवती को चंदौसी मिलने के लिए बुला लिया था।
वह रात करीब दो बजे ट्रेन पकड़कर चंदौसी उससे मिलने पहुंच गई थी। पीड़िता का कहना है कि चंदौसी रेलवे स्टेशन पर आरोपी युवती को मिला था। तब उसके साथ देहरादून में रहने वाले उसके बहनोई भी मौजूद थे।
आरोपी उसे अलीगढ़ ले जाने लगे थे। पीड़िता ने मना किया तो आरोपी ने उसे जबरन कार में बैठा लिया था। युवती के शोर मचाने पर आरोपी उसे धक्का देकर भाग गए थे। पीड़िता ने इस मामले में चंदौसी थाने में केस दर्ज कराया था।
इसके बाद 6 सितंबर 2022 को दोनों ने सहमति से कचहरी में विवाह नामा तैयार कर लिया था। आरोपी ने दो माह तक पीड़िता को चंदौसी में अपने साथ रखा। इसके बाद आरोपी पति, उसकी मां, बहन, भाई-भाभी और फुफेरे भाई के साथ मिलकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
दहेज में कार की मांग की। विरोध किया तो आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। गर्भवती होने पर आरोपी पति ने गोलियां खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। आरोपी पति ने पीड़िता को धमकी दी है कि उसके पास अश्लील फोटो और वीडियो हैं।
जिसे वह सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।