बिजनौर जनपद के नगीना में द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी के गन्ना तौल लिपिकों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर की जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। जिसके चलते मिल के सभी गन्ना क्रय केंद्रों की गन्ना तौल बंद हो गई। गन्ना तौल बंद होने पर गन्ना किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तौल लिपिकों का मिल प्रबंधन से वार्ता पहले दिन बेनतीजा रही थी।
मंगलवार की देर शाम द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी के समस्त गन्ना तौल लिपिक फोरलेन हाईवे पर ग्राम कालाखेड़ी के निकट बने एक बैंकट हाल में एकत्र हुए और अपनी विभिन्न मांगों जैसे नौकरी में नियमितीकरण, क्रय केंद्रों पर जाने के लिए बाइक का माइलेज, वेतन बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चित हड़ताल पर चले गए थे। तौल लिपिकों ने बुधवार को समस्त गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना तौल बंद कर दी गई। जो कि गुरुवार को भी जारी रही। लिपिकों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती, हड़ताल जारी रहेगी।