पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे दंपती को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला पूर्व जिला पंचायत सदस्य है और रालोद के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी है।
मजरा श्यामपुरा निवासी आमिर अली ने हसीन अहमद निवासी गांव भूराहेड़ी के साथ मिलकर एक फर्म बनाई थी। इस फर्म के माध्यम से मुजफ्फरनगर के एक बैंक से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। हसीन अहमद ने 19 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। इसमें आमिर अली और उसकी पत्नी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य छोटी पर कर्ज ली गई गई रकम को धोखाधड़ी कर हड़पने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध के मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने शनिवार को दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक छोटी 2017 में रालोद के टिकट पर पुरकाजी विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है।