कीव. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार रात को राजधानी मॉस्को में युद्ध के समर्थकों द्वारा की जा रही एक रैली में हिस्सा लेने पहुंचे। मॉस्को पुलिस ने बताया कि दो लाख से अधिक लोग लुझनिकी स्टेडियम के अंदर और इसके चारों ओर मौजूद थे। यूक्रेन से छीने गये क्रीमियाई प्रायद्वीप पर रूस के कब्जे की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर यह रैली की गई।
कार्यक्रम में गायक ओलेग गाजमानोव ने ‘मेड इन यूएसएसआर’ गीत गाया, जिसकी शुरूआती पंक्ति थी, ‘‘यूक्रेन और क्रीमिया, बेलारूस और मोल्दोवा की सीमाएं खुलने के साथ ये सब मेरे देश हैं। ’’ पुतिन के मंच पर आने के दौरान वक्ताओं ने उनकी सराहना यूक्रेन में नाजीवाद से लड़ने वाले नेता के तौर पर की। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर अपने हमलों को और तेज कर दिया है।
नाटो अभ्यास के दौरान विमान दुर्घटना
नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध से असंबंधित नाटो अभ्यास के दौरान एक विमान दुर्घटना में चार अमेरिकी सैनिक मारे गए। जोनास गहर स्टोर ने ट्वीट किया कि वे शुक्रवार रात दुर्घटना में मारे गए। कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सैनिकों ने नाटो अभ्यास में भाग लिया था। हमारी गहरी संवेदना सैनिकों के परिवारों, रिश्तेदारों और उनकी यूनिट में साथी सैनिकों के साथ है। नॉर्वे के सशस्त्र बलों ने कहा कि विमान एक वी-22बी ऑस्प्रे था जो यूएस मरीन कॉर्प्स का है।
अमेरिका में अब नहीं होगा रूस के विमानों का मेंटेनेंस
अमेरिका ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच बड़ा ऐलान किया है। बाइडन प्रशासन का कहना है कि रूस की ओर से इस्तेमाल किए गए सौ एयरक्राफ्ट का मेंटेनेंस प्रतिबंधित कर दिया गया है। इनमें रूस के अरबपति कारोबारी रोमन अब्राहमोविच का विमान भी शामिल है।
रूसी सेना के हमले के बीच जेपोरिज्जिया में कर्फ्यू
यूक्रेन में रूसी हमलों की बढ़ती तीव्रता के बीच जेपोरिज्जिया में कर्फ्यू लगा दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जेपोरिज्जिया में 21 मार्च की शाम 6 बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा रहेगा।
जर्मनी की कंपनी ने रोका उत्पादन
जर्मनी की कंपनी बॉश ने रूस स्थित अपने प्लांट में उत्पादन रोक दिया है। बॉश की ओर से कहा गया है कि इस तरह की जानकारी मिली थी कि इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल सेना की ओर से किया जा रहा है. इसे देखते हुए हमने उत्पादन रोकने का फैसला किया है।.
अमेरिकी सीमा में प्रवेश के लिए यूक्रेन के नागरिकों को इजाजत, रूसियों को नहीं
रूस के लगभग तीन दर्जन शरणार्थियों को शुक्रवार को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जबकि यूक्रेन के नागरिकों के एक समूह को सीमा पार जाने दिया गया। यह दृश्य रूस और यूक्रेन के नागरिकों के साथ चुपचाप हो रहे अचूक बदलाव को दर्शाता है। रूस और यूक्रेन के नागरिक पर्यटकों के रूप में मेक्सिको में प्रवेश करते हैं और अमेरिका जाने की उम्मीद में तिजुआना के लिए उड़ान भरते हैं। मेक्सिको के साथ सबसे व्यस्त अमेरिकी सीमा पर 34 रूसी शुक्रवार तक कई दिनों तक डेरा डाले थे, दो दिन बाद तिजुआना शहर के अधिकारियों ने विनम्रतापूर्वक उनसे वहां से चले जाने का आग्रह किया। कुछ दिन पहले तक कुछ रूसियों को सैन यसिड्रो क्रॉसिंग पर अमेरिका में प्रवेश कराया गया था, जबकि कुछ यूक्रेनियों को रोका गया था। लेकिन शुक्रवार तक रूसियों को जाने से मना कर दिया गया जबकि यूक्रेन के लोगों को कुछ समय के इंतजार के बाद वापस भेज दिया गया।
रूस का दावा- यूक्रेन के हथियारों के डिपो पर दागी हाइपरसोनिक मिसाइल
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन के एक बड़े भूमिगत हथियारों के डिपो पर हाइपरसोनिक मिसाइल से हमला किया। इस हमले में यूक्रेन की मिसाइलें और एयरक्राफ्ट से जुड़े हथियार नष्ट हो गए।
नॉर्वे में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हुआ अमेरिकी विमान
नॉर्वे का प्रशासन शुक्रवार को अमेरिकी नौसेना के उस विमान की तलाश करती दिखी जो प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हो गया। नॉर्वे की सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि नौसेना का विमान ‘ऑस्प्रे’ शुक्रवार रात को लापता होने के कारण आर्कटिक सर्कल नगरपालिका बोडो पर नहीं उतरा। बयान के मुताबिक इसके बाद असैन्य संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र उत्तरी नॉर्वे ने एक खोज और बचाव अभियान शुरू किया। नॉर्वे की सेना ने शुक्रवार देर रात कहा कि बोडो के दक्षिण में खोज हवाई माध्यम से की गई। यह भी कहा गया, ‘‘मौसम की स्थिति के कारण हवाई माध्यम से मौके पर पहुंचना संभव नहीं है।’’ इस अभ्यास के तहत नाटो के सदस्य देशों के सैनिक भीषण ठंड के बीच नॉर्वे की सेना के साथ ‘‘प्रशिक्षण और संचालन’’ कर रहे थे। नॉर्वे के मुताबिक इस अभ्यास की सूचना ‘यूक्रेन युद्ध’ से बहुत पहले दे दी गई थी।
यूक्रेन का दावा- बम-गोलों और बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने में सालों लगेंगे
यूक्रेन के गृह मंत्री डेनिस मोनास्तिरिस्की ने शुक्रवार को कहा कि रूसी बलों द्वारा देश में बरसाये गए उन बम-गोले और बरूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने में सालों लगेंगे, जो फट नहीं पाए हैं। घिर चुके कीव में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से बातचीत में मोनास्तिरिस्की ने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद इस भारी-भरकम काम को अंजाम देने के लिए यूक्रेन को पश्चिमी देशों की मदद की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा, “यूक्रेन पर बड़ी संख्या में बम-गोले बरसाए गए हैं। इनमें से कई में विस्फोट नहीं हो सका था। मलबे के नीचे दबे ऐसे हथियार एक वास्तविक खतरा हैं। इन्हें निष्क्रिय करने में महीनों नहीं, वर्षों लगेंगे।”
रूस की मदद करने के गंभीर परिणाम होंगे, जिनपिंग से बोले बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग को वीडियो कॉल कर बताया कि अगर चीन यूक्रेनी शहरों पर भीषण हमले कर रहे रूस को मदद मुहैया कराता है, तो इसके क्या निहितार्थ और नतीजे हो सकते हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नेताओं में वीडियो कॉल पर लगभग दो घंटे तक हुई बातचीत के दौरान यूक्रेन में रूस के विशेष सैन्य अभियान पर केंद्रित थी।
अजोव सागर से यूक्रेन का संपर्क कटा
यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनके देश का संपर्क अजोव के सागर से कट गया है। उन्होंने बताया कि रूस की फौज ने मारियूपोल के बंदरगाह पर कब्जा करने के साथ डोनेत्स्क के कई अहम केंद्रों पर कब्जा किया है, जिसके चलते यूक्रेन को दिक्कत हो रही है।
जापान के पीएम से मिलेंगे मोदी, रूस-यूक्रेन मुद्दे पर चर्चा संभव
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा शनिवार को भारत पहुंच चुके हैं। यहां वे 14वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और भारतीय समकक्ष पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। खबर है कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन पर रूस के आक्रमण और चीन के साथ संबंधों के मुद्दा खासतौर से चर्चा होगी।
यूक्रेन पर हमले के बीच रूस ने रॉकेट का प्रक्षेपण किया
रूस ने शुक्रवार को अपने एक रॉकेट का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसमें तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) जाएंगे। रूसी अंतरिक्ष निगम रोसकॉसमोस के अंतरिक्ष यात्री ओलेग अर्तेम्येव, डेनिस मैतवेयेव और सर्गेई कोरसाकोव सोयुज एमएस-21 अंतरिक्ष यान से शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम आठ बजकर 55 मिनट पर कजाकिस्तान के बैकोनेर प्रक्षेपण केंद्र से रवाना हुए और सुरक्षित तरीके से निर्धारित कक्षा में पहुंच गए हैं। यान के शुक्रवार देर रात अंतरिक्ष केंद्र पहुंचने की संभावना है। यूक्रेन के खिलाफ 24 फरवरी को शुरू की गई सैन्य कार्रवाई के बाद पहली बार रूस ने अंतरिक्ष यात्रियों को रवाना किया है।
फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों ने की संघर्ष विराम की अपील
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से मारियूपोल की घेराबंदी हटाकर मानवीय मदद पहुंचाने की अनुमति देने और तत्काल संघर्ष विराम का आदेश देने की अपील की। मैक्रों ने पुतिन से फोन पर 70 मिनट तक बात की। इससे पहले, दिन में पुतिन ने जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्ज से फोन पर बात की थी। शोल्ज ने भी पुतिन से तत्काल संघर्ष विराम का अनुरोध किया।
नाटो अभ्यास के दौरान विमान हादसे का शिकार, चार अमेरिकी सैनिकों की मौत
यूक्रेन के अधिकारियों से वार्ता कर रहे रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने कहा है कि यूक्रेन के तटस्थ दर्जे को लेकर दोनों पक्ष समझौते के करीब पहुंच गए हैं। यूक्रेन के साथ कई दौर की वार्ता करने वाले रूसी प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष व्लादिमीर मेदिंस्की ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पक्ष यूक्रेन के नाटो में शामिल होने की कोशिश को छोड़ने और तटस्थ रुख अख्तियार करने को लेकर उत्पन्न मदभेदों को पाटने के करीब पहुंच रहे हैं।