शामली। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेल मार्ग पर पिछले दो सालों से कोरोना काल के दौरान बंद जनता एक्सप्रेस शुक्रवार से संचालित हो जाएगी। इसके संचालन से शामली समेत चार जिलों की यात्रियों को शामली से दिल्ली और सहारनपुुर जाने की सुविधा मिलेगी।
25 मार्च 2020 में कोरोना काल की पहली लहर में दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। पिछले दो साल से जनता एक्सप्रेस और दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर व हरिद्वार के लिए अप-डाउन ट्रेन बंद चल रही है। अब दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस के संचालन की मंजूरी दी गई है। दो साल बाद जनता एक्सप्रेस शुक्रवार को संचालन शुरू हो जाएगा। यह एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से शाम 5:55 बजे चलकर शामली 7:38 बजे पहुंचेगी। शामली से चलकर सहारनपुर तक जाएगी। सहारनपुर से 6:20 बजे सहारनपुर से चलकर शामली रेलवे स्टेशन पर 7:38 बजे पहुंचेगी। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान और शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक इकराम अली ने बताया कि उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल की ओर से दिल्ली से शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर जनता एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है।