मुंबई. टीवी जगत से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। कई सीरियल्स से पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री वैशाली ठक्कर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी उम्र महज 30 साल थी। हालांकि ग्लैमर वर्ल्ड में काम करने वाली अभिनेत्री का इस तरह से आत्महत्या करने का कोई पहला मामला नहीं है। साल 2022 की ही बात करें तो कई जानी-मानी एक्ट्रेसेस ने भी अचानक आत्महत्या कर सभी को सकते में ला दिया था।
ओडिशा इंडस्ट्री की जानी मानी अभिनेत्री रश्मिरेखा ओझा ने इसी साल जून के महीने में मौत को गले लगा लिया था। जानकारी सामने आई थी कि 23 वर्षीय अभिनेत्री का शव भुवनेश्वर के नयापाली इलाका में उनके किराए के मकान में पंखे पर लटकता मिला था।
21 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस बिदिशा डे के आकस्मिक निधन ने सभी को हैरान-परेशान कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी सामने आई थी कि 21 साल की बंगाली मॉडल और अभिनेत्री बिदिशा ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उनका शव उनके फ्लैट पर फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पूरी बंगाली इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया था।
‘मोन माने ना’ शो में मुख्य भूमिका निभाने वाली बंगाली अभिनेत्री पल्लवी डे की भी इसी साल अचानक मौत की खबर सामने आई थी। जिसे जानने के बाद उनके सह-कलाकारों और प्रशंसक शॉक में आ गए थे। जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय अभिनेत्री का कोलकाता के गरफा में अपने फ्लैट में फंदे से झूलता शव मिला था।
मई साल 2022 में मॉडल और बंगाली टीवी एक्ट्रेस मंजुशा नियोगी का शव उनके फ्लैट पर संदिग्ध हालत में मिला था। इस घटना ने हर किसी को सकते में ला दिया था। जानकारी सामने आई थी कि जानकारी के मुताबिक, जब मंजुशा के माता-पिता अभिनेत्री को फोन कर रहे थे तब वह किसी के फोन का जवाब नहीं दे रही थीं। इसके बाद जब वह मंजुशा को कमरे में देखने गए, तो वहां पर अभिनेत्री का शव पंखे से लटका हुआ मिला।