ब्लू व्हेल दुनिया के सबसे बड़े जीव हैं। अब जरा सोचिए, 30 मीटर तक लंबे और 200 टन वजनी इस जीव का दिल कितना बड़ा होगा? वैसे तो आप शायद खुद को बड़े दिल वाला मानते होंगे। लेकिन भैया… ब्लू व्हेल का दिल आकार में इतना ज्यादा बड़ा है कि उसे देखकर ही लोग दंग रह जाते हैं। हाल ही, सोशल मीडिया पर ब्लू व्हेल के दिल की एक तस्वीर छा गई है। इस फोटो को बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने पोस्ट किया है। जी हां, गोनयका ट्विटर पर अपने दिलचस्प और मजेदार ट्वीट्स के लिए पॉपुलर हैं। ऐसे में जब उन्होंने समुद्र के इस विशालकाय जीव के दिल की फोटो साझा की तो मामला वायरल हो गया।
हर्ष गोयनका ने 13 मार्च को कनाडा के ‘रॉयल ओंटारियो म्यूजियम’ में संरक्षित और प्रदर्शित ब्लू व्हेल के दिल की फोटो ट्विटर पर पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में बताया- यह एक ब्लू व्हेल का संरक्षित दिल है, जिसका वजन 181 किलोग्राम है। यह 1.2 मीटर चौड़ा और 1.5 मीटर लंबा है। इस दिल की धड़कन को 3.2 किमी से अधिक दूर से सुना जा सकता है।
गोयनका का ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। खबर लिखे जाने तक इसे दो हजार से अधिक लाइक्स और 1 लाख 68 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। जबकि कई यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया भी दी। सरोज मेहता नाम की यूजर्स ने लिखा- बेहतरीन… पौधों से लेकर जानवरों और मनुष्यों तक ब्रह्मांड की अपनी रचनात्मकता है। चींटी से लेकर व्हेल तक कितनी खूबसूरती से बनाई गई है। प्रशांत ने लिखा- इतना तो मेरे घर का साइज है मुंबई में। कई यूजर्स ने कुदरत की सराहना की। आपकी इस पर क्या राय है? कॉमेंट में लिखें।