शामली. शामली के कांधला कस्बे में दिल्ली बस अड्डे पर देर रात कार और टेंपो में भिड़ंत हुई। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। इन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
देर रात सहारनपुर दिल्ली हाइवे पर दिल्ली की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक से टेंपो से भिड़ गई। जिससे टेंपो में बैठी सवारियां बुरी तरह घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि टेंपो मुजफ्फरनगर से पानीपत की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बस अड्डे पर पहुंचे कार ने सामने से टक्कर मार दी।
इस एक्सीडेंट में पानीपत निवासी रेशमा, वशी, गुड्डू व टेंपो चालक मोनू और स्विफ्ट डिजायर कार में सवार जनपद सहारनपुर के निनोता निवासी प्रवीण कुमार व शहजाद सहित आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और पुरुष घायल हुए हैं। टेंपो चालक मोनू ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को गाड़ी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। जिसने घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया। वहीं दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया है।