मुजफ्फरनगर के रतनपुरी में घरेलू विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पत्नी की हत्या करने बाद आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस ने जानकारी कर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसका चालान कर दिया।
रतनपुरी निवासी नईम बेटा जोहरा उर्फ़ जहरूद्दीन गांव में ही दर्जी का काम करता है। वर्ष 2020 में उसकी शादी शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव नियामुतल्लापुर निवासी नरगिस के साथ हुई थी। मंगलवार किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। तब नईम अपने काम पर चला गया। मंगलवार देर शाम को घर आया था। रोजा इफ्तारी के कुछ देर बाद फिर से दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
इस दौरान आक्रोशित नईम ने पत्नी का गला दबा दिया। इससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर गई। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसके बाद इंस्पेक्टर पंकज राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को तुरंत खतौली सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ फुगाना देवव्रत वाजपेई ने बताया कि रतनपुरी में एक महिला की हत्या कर दी गई। इस मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है।
मृतका नरगिस के दो मासूम बच्चे है। जिनमें बड़ा बेटा डेढ़ साल का है, जबकि छह माह की बेटी है। दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मां के जाने से अंजान हैं। हत्याकांड से ग्रामीण भी सकते में हैं। दोनों मासूम के सिर से मां का साया उठ गया।