बुलंदशहर । प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पुत्र वधू और उसके प्रेमी मुजफ्फरनगर निवासी जान मोहम्मद ने नत्थू सिंह की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। नत्थू सिंह को घर से साथ लेकर जाने से पहले पुत्र वधू ने अन्य परिजनों को नशे की गोलियां खिलाई थीं। इस वजह से परिजनों को दोनों के घर से निकलने की जानकारी ही नहीं हुई।
शनिवार को गांव जलालपुर निवासी 65 वर्षीय किसान नत्थू सिंह का गांव के ही एक तालाब के पास शव पड़ा मिला था। मृतक के सिर पर मिले चोट के निशान से हत्या की आशंका जताई जा रही थी। जबकि पुलिस पूछताछ में परिजनों ने नत्थू सिंह की किसी से रंजिश और लेनदेन के लिए हत्या की संभावनाओं से इन्कार किया था। इसके चलते पुलिस की शक की सुई परिजनों पर घूम रही थी। जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली, जिसमें शुक्रवार की रात नत्थू सिंह एक महिला के साथ जा रहा था। जांच करने पर पता चला कि नत्थू सिंह के साथ जा रही महिला कोई और नहीं बल्कि उसकी पुत्रवधू रेखा है।
पुलिस को यह भी जानकारी लगी कि जान मोहम्मद मेहनत मजदूरी करता है। सोशल मीडिया पर रेखा और मुजफ्फरनगर के हुसैनपुर बोपाड़ा निवासी जान मोहम्मद की मुलाकात हुई और दोनों में प्रेम हो गया और यह प्रेम प्रसंग आठ माह से चल रहा है। जान मोहम्मद कई बार रेखा से मिलने के लिए उसके घर भी आया था। इसके चलते नत्थू सिंह को शक हो गया था और वह इसका विरोध करने लगा था। नत्थू सिंह के विरोध के चलते ही रेखा और जान मोहम्मद ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि वारदात की रात रेखा अपने साथ नत्थू सिंह को लेकर घर से तालाब की ओर गई। जहां पहले से मौजूद जान मोहम्मद ने ईंट व अन्य धारदार हथियार से नत्थू सिंह की हत्या कर दी और शव मौके पर ही छोड़ दिया। रविवार रात को पुलिस ने दोनों आरोपियों को केलमोड से गिरफ्तार कर लिया।
नत्थू सिंह की हत्या को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने के लिए रेखा ने पूरी योजना तैयार की थी। इसके लिए जब नत्थू सिंह को घर से बाहर ले जाना था तो पति, सास समेत सभी परिजनों को चाय में नशीली दवाई मिलाकर दी थी, ताकि किसी भी परिजन को इसकी जानकारी न हो सके।