सहारनपुर। जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव में एक अज्ञात युवक ने एक घर में घुसकर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना रविवार सुबह 6.30 बजे की है। गांव अबाबाकरपुर (दौड़बसी) निवासी लक्ष्मी चौहान के घर में एक अज्ञात व्यक्ति बाइक से आया और सीधे उनके घर में घुस गया। घर पर उसकी मां शकुंतला, भाभी और बच्चे सोए हुए थे।
बताया गया कि लक्ष्मी घेर में सोया हुआ था। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता उक्त व्यक्ति ने उनके घर के अंदर कमरे में घुसकर तमंचे को अपनी कनपटी से सटाकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान राशिद ने पुलिस को सूचना दी।
एसएसआई मनोज कुमार और शाकंभरी चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने पहुंचकर शव को पीएम के लिए भिजवाया। मृतक कहां का रहने वाला है और उसने अनजान व्यक्ति के घर में घुसकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या क्यों की? इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान कराने में जुटी हुई है।