सहारनपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्य के नहीं सत्ता के उपासक हैं। यह देश हमेशा सत्य पर चला है। मोदी ने अदाणी-अंबानी के हाथों देश बेच दिया। भाजपा के लोग महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, महिलाओं की समस्या पर नहीं बोल रहे हैं। ईवीएम गड़बड़ी न हो तो भाजपा 180 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी। बुधवार को राष्ट्रीय महासचिव ने सहारनपुर में जैन बाग के पास स्थित गोल कोठी से थाना कुतुबशेर तक कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो किया। वहीं, पौने एक बजे नमाज के दौरान प्रियंका गांधी ने पांच मिनट के लिए भाषण रोक दिया।
रोड शो के दौरान बंजारों के पुल पर उन्होंने कार पर ही खड़े होकर संबोधन किया। मुस्लिम समाज का अस्सलाम वालेकुम कहकर अभिवादन किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भगवान श्रीराम ने भी सत्य की जीत के लिए रावण से युद्ध किया। तब, सारी शक्तियां रावण के पास थीं। भगवान श्रीराम राम ने नौ दिन मां भगवती की उपासना की और व्रत रखे। उनको नील कमल चढ़ाए। तब, उनको मां ने सारी शक्तियां दीं।
इसके बाद रावण से युद्ध करके असत्य पर सत्य की जीत हासिल की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छोटे व्यापारी, गरीब, मजदूर के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अदाणी-अंबानी का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया। भाजपा सरकार ने हमेशा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया है।
इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम भी भाजपा लेकर आई थी और वह इस सूची के नाम गोपनीय रखना चाहती थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने नाम उजागर करने के आदेश दिए तो भाजपा की मंशा सबके सामने आ गई। जो कंपनी 180 करोड़ रुपये का मुनाफा कमा रही है। वह कंपनी करोड़ों रुपये का चंदा भाजपा को दे रही है। सवाल है कि यह रुपये आ कहां से रहे हैं। मोदी ने काला धन वापस लाने के लिए कहा था।
उन्होंने जनता से पूछा कि क्या काला धन आज तक वापस आया। जीएसटी ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी। किसानों का कर्ज माफ नहीं हो रहा है और गन्ना भुगतान भी नहीं मिल रहा है। एक समय था जब सहारनपुर से बड़ी संख्या में लकड़ी के बने उत्पाद एक्सपोर्ट हुआ करते थे। मोदी सरकार में वह भी बंद हो गए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि गठबंधन प्रत्याशी इमरान मसूद को वोट देकर जिताएं।
गोल कोठी जैन बाग से शुरू हुआ रोड शो थाना कुतुबशेर के पास पहुंचकर संपन्न हुआ। दो किलोमीटर के रोड में 15 से अधिक जगहों पर लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा की। प्रियंका ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। वहीं, प्रियंका गांधी ने प्रभु श्री राम का जिक्र किया। उन्होंने राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीराम ने रावण से सत्य के लिए युद्ध किया। इसके साथ ही मोहम्मद पैगंबर साहब को सच्चाई का प्रतीक बताया। उन्होंने हिंदू और मुस्लिम मतदाताओं को साधा। पौने एक बजे नमाज के दौरान प्रियंका गांधी ने पांच मिनट के लिए भाषण रोक दिया।