मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में फिर से विवादित चिकित्सक की तैनाती हो गई है। पिछले कई माह से नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी का पद खाली चला आ रहा था। तत्कालीन पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल और सभासदों की शिकायत पर डीएम स्तर से विवादित चिकित्सक को नगर पालिका से नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद से हटाया गया था। अब फिर से उक्त विवादित डाक्टर की तैनाती नगर पालिका में कर दी गई है।
नगर पालिका में पिछले कई माह से नगर स्वास्थ्य अधिकारी का पद खाली चला आ रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी न होने के कारण शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित बनी हुई है। सीएमओ के द्वारा डा. अतुल कुमार को फिर दोबारा से नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। पूर्व में डाक्टर अतुल कुमार ने शहर कोतवाली में सभासद प्रवीण कुमार पीटर और विपुल भटनागर के खिलाफ गंभीर धारों में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इतना ही नहीं उनके द्वारा टीपर वाहन प्रकरण में हुए गडबडझाले की रिपोर्ट भी दर्ज करायी गई थी। सभासदों के खिलाफ हुई रिपोर्ट को लेकर पूरा बोर्ड डाक्टर अतुल कुमार के खिलाफ हो गया। तत्कालीन पालिकाध्यक्ष अंजु अग्रवाल ने अन्य सभासदों के साथ मिलकर डीएम से डा. अतुल कुमार के खिलाफ शिकायत की थी। उन्हें नगर पालिका से हटाने की मांग की थी। पालिकाध्यक्ष की शिकायत पर डा. अतुल कुमार को नगर पालिका से हटा दिया गया था। अब बोर्ड का कार्यकाल खत्म होने के बाद फिर से नगर पालिका में विवादित डाक्टर अतुल कुमार की तैनाती कर दी गई। जिसे लेकर नगर पालिका में काफी चर्चाए है। ईओ हेमराज सिंह का कहना है कि सीएमओ के द्वारा डाक्टर अतुल कुमार की नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनाती की गई है। पिछले कई माह से यह पद खाली पडा हुआ था।