मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी किसान सुभाष सैनी ने दी तहरीर में बताया कि उसका इकलौता बेटा अशोक सैनी (46) बृ़हस्पतिवार सुबह खेत पर मजदूरों से सूखे पापुलर के पेड़ कटवा रहा था। अशोक ने पेड़ में रस्सा बांधकर उसे गिराने के लिए ट्रैक्टर से खींचा तो पेड़ ट्रैक्टर के ऊपर आ गिरा। अशोक पेड़ व ट्रैक्टर के बीच में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिकित्सक के पास ले जाया जा रहा था तब रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी मौत से पत्नी अंजू, बेटी प्रिया (19) व बेटे सिद्धार्थ (17) व कुलदीप (15) शोक में है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।