बड़ौत। बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर पांच किमी अधिक दूरी का रोडवेज की बसों में यात्रियों से किराया वसूला जा रहा है। जिस कारण यात्रियों में रोष पनपता जा रहा है। यात्रियों ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर बड़ौत डिपो कार्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
बावली चुंगी पर रोडवेज का नया बस स्टैंड बनाया था। मुजफ्फरनगर से बड़ौत तक यात्रा करने वाले यात्रियों से पांच किमी आगे रोडवेज डिपो तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा किराया वसूला जाता है। यात्रियों का कहना है कि जब यहां रोडवेज का स्टैंड है, तो किराया डिपो तक क्यों वसूला जाता है।
यात्री ललित का कहना है कि बड़ौत में परिवहन निगम का जो बस स्टैंड है उस पर किसी भी तरह की कोई सुविधा नहीं है। इसके बावजूद बसों में यात्रियों से अधिक किराया वसूला जा रहा है। शुभम ने बताया कि किसी काम से बड़ौत से बुढ़ाना गया था, लेकिन दूरी से अधिक लगभग 15 रुपये अधिक किराया वसूला। किराया 35 रुपये होनी चाहिए, लेकिन यात्रियों से 45 से 50 रुपये वसूले जा रहे हैं।
दीपक ने बताया कि बड़ौत से किसी काम के लिए पुसार गया था, किराया 18 रुपये होना चाहिए, लेकिन रोडवेज बस में 25 रुपये वसूले जा रहे हैं, जो मनमानी है। भड़ल निवासी जगपाल सिंह का कहना है कि रोडवेज बसों में यात्रियों से बावली चुंगी तक ही किराया लिया जाए। पांच किमी का किराया वसूलना बंद किया जाए।
अभी तक बावली चुंगी पर बस स्टैंड पूर्ण रूप से घोषित नहीं हुआ है। जो किराया वसूला जा रहा है वह बड़ौत डिपो के नाम से वसूला जा रहा है। – रामदास, एआरएम बड़ौत