मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस की बाइक सवार दो लुटेरों के साथ बुधवार की अलसुबह मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश पैर में गोली लगने पर घायल हो गया। पुलिस ने घेर कर दोनों को दबोच लिया। दो बाइक, दो तमंचों और कारतूस बरामद हुए हैं। इनमें से एक बाइक पांच दिन पहले रुड़की रोड पर लूटी गई थी।
एसपी सिटी सत्य नारायज प्रजापत ने बताया कि पकड़े गए दोनाें आरोपी राशिद त्यागी निवासी सरवट और मोनू मलिक निवासी सुभाष नगर थाना नई मंडी मुजफ्फरनगर है। राशिद गोली लगने से घायल हुआ है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी की मदद से रुड़की रोड पर बाइक और पर्स लूटा था। इस बाइक को भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में उपचार दिलाया। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया।