मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शहीद बचन सिंह की प्रतिमा खंडित करने के आरोपी का चालान कर दिया। उधर, राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सदस्यों ने एसएसपी से मिलकर प्रतिमा की पुख्ता सुरक्षा कराने की मांग की। खंडित प्रतिमा को कपड़े से ढक दिया गया है। बृहस्पतिवार रात बचन सिंह तिराहे पर लगी शहीद बचन सिंह की प्रतिमा की गन को हाजीपुरा निवासी शमशाद ने ईंट मारकर तोड़ दिया था। शहीद के परिजनों ने आरोपी को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। सिविल लाइन पुलिस ने प्रतिमा खंडित करने के साथ ही सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।
वहीं राष्ट्रीय सैनिक संस्था के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी अभिषेक सिंह से मिलकर कहा कि इस प्रकार की घटना पूर्व में भी हो चुकी है, इससे सैनिक परिवारों में रोष है। इस घटना की वजह का पता लगाया जाए। प्रतिमा की पुख्ता के सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और प्रतिमा की मरम्मत कराई जाए।