कानपुर में बिधनू के तुलसियापुर नई बस्ती में पांच माह की गर्भवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर जब उसके पति व बेटी (सौतेली) घर पहुंची तो कमरे में खून से सना शव पड़ा देखा। जानकारी पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। छानबीन कर साक्ष्य व सुराग जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस हत्यारोपी तक पहुंचने की जद्दोजहद कर रही है। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। गांव निवासी ललित पासवान उर्फ लल्ला घर पर ही किराने की दुकान चलाते हैं। करीब दस साल पहले उनकी पहली पत्नी गीता की मौत हो गई थी।
पांच साल पहले उन्होंने सरोजनी पासवान (35) से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से 12 साल की बेटी तमन्ना है। पुलिस के मुताबिक ललित शनिवार शाम करीब चार बजे बेटी के साथ अपनी पहली ससुराल भीतरगांव गए थे। रविवार दोपहर जब वह दोनों लौटे, तो घर के अंदर कमरे में सरोजनी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।दोनों स्तब्ध रह गए। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तब पुलिस को सूचना दी गई। एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मृतका के पति व सौतेली बेटी से पूछताछ की, तो सामने आया कि दोपहर करीब दो बजे दोनों घर लौटे थे। ललित घर से कुछ दूर पहले ही एक दुकान पर रुक गया था। बेटी तमन्ना पहले घर पहुंची। घर का मुख्य दरवाजा खुला पड़ा था। भीतर जाकर जब कमरे का दरवाजा खोला, तो देखा कि वहां सरोजनी का शव पड़ा है। तब वह चीखते हुए दौड़कर बाहर आई और पिता को बताया।
पांच माह की गर्भवती सरोजनी को मारने के पीछे की वजह पुलिस तलाश रही है। रंजिश, आशनाई या फिर किसी अपने के विश्वासघात की वजह हो सकती है। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस तफ्तीश कर रही है। कुछ संदिग्ध नंबरों की डिटेल भी पुलिस ने निकाली है। करीबी पर भी शक है। अफसरों का कहना है कि वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।