मुजफ्फरनगर में घर के आंगन में सो रही महिला के कानों से आधी रात कुंडल खींच लिए। महिला पीड़ा से कराह उठी और बेहोश हो गई। आरोपी लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। पीड़िता के चिल्लाने से घर वाले जाग गए और आरोपी का पीछा किया। जो खेतों के रास्ते फरार हो गया। महिला को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव रोनी हाजीपुर में किसान दुष्यंत की पत्नी 40 वर्षीय प्रीति घर के आंगन में मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। दुष्यंत का आरोप है कि रात के तीन बजे नकाबपोश अज्ञात व्यक्ति आया और उसने मच्छरदानी काटकर प्रीति के कानों से सोने के कुंडल खींच लिए। गंभीर पीड़ा से प्रीति चिल्लाई तो परिवार वाले जाग गए। रोशनी में देखा तो प्रीति के दोनों कानों से खून बह रहा था। आरोपी का पीछा किया गया लेकिन वह खेतों के रास्ते फरार हो गया।
दुष्यंत की तहरीर पर थाना चरथावल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दुष्यंत ने कुछ दिन पहले उसके घर अनाज की टंकी ठीक करने आए एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है। पीड़िता प्रीति का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।