नई दिल्ली। किसानों के ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ट्वीट सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर किसान को फसल पर स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP की कानूनी गारंटी देने का फैसला लिया है।
पंजाब और हरियाणा समेत देश के हजारों किसान दिल्ली कूच कर चुके हैं। किसानों को राजधानी में घुसने से रोकने के लिए दिल्ली से सटी सभी सीमाओं पर भारी पुलिस बल के साथ कई तरह के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि किसानों पर इसका कोई असर दिखता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस की टीम ने किसानों को रोकने के लिए पानी की बौछार और आंसू गैस के गोले दागे हैं। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ट्वीट सामने आया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर कहा, “किसान भाइयों आज ऐतिहासिक दिन है! कांग्रेस ने हर किसान को फसल पर स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP की कानूनी गारंटी देने का फैसला लिया है। यह कदम 15 करोड़ किसान परिवारों की समृद्धि सुनिश्चित कर उनका जीवन बदल देगा। न्याय के पथ पर यह कांग्रेस की पहली गारंटी है।”
इससे पहले प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि किसानों के रास्ते में कील-कांटे बिछाना अमृतकाल है या अन्याय काल? उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, “किसानों के रास्ते में कील-कांटे बिछाना अमृतकाल है या अन्याय काल? इसी असंवेदनशील एवं किसान विरोधी रवैये ने 750 किसानों की जान ली थी। किसानों के खिलाफ काम करना, फिर उनको आवाज भी न उठाने देना – कैसी सरकार का लक्षण है? किसानों से किया वादा पूरा नहीं किया- न MSP का कानून बनाया, न किसानों की आय दोगुनी हुई- फिर किसान देश की सरकार के पास नहीं आयेंगे तो कहां जाएंगे? प्रधानमंत्री जी! देश के किसानों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों? आपने किसानों से जो वादा किया था, उसे पूरा क्यों नहीं करते?”