गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेरहम मां ने अपनी पांच वर्षीय बच्ची को चाकू गर्म करके 17 जगह दाग दिया है। बेटी की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने स्कूल जाने से मना कर दिया था। बच्ची के पिता को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने इसकी तहरीर थाने पर दी। पुलिस महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
बच्ची की मां कंचन संतकबीरनगर की रहने वाली है। वह गीडा थाने के पिपरौली में अपने परिवार के साथ रहती थी। 2016 में उसका कालेसर के राहुल से प्रेम संबंध हो गया। दोनों ने शादी कर ली। राहल व कंचन की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी शान्वी पांच साल की है और छोटी बेटी अभी नौ माह की है। राहुल मजदूरी करके घर का खर्च चलाता है। राहुल की शादी से उसके स्वजन खुश नहीं थे तो वह पत्नी के साथ पिपरौली में किराये पर कमरा लेकर रहता है।
मंगलवार की सुबह शान्वी ने विद्यालय जाने से मना किया तो नाराज कंचन ने गैस चूल्हे पर चाकू गर्म करके उसके हाथ व पैर में 17 जगहों पर गंभीर रूप से जला दिया है। बच्ची इससे गंभीर रूप से घायल हो गई है। राहुल को इसकी जानकारी हुई तो तहरीर देकर थाने पहुंच गया। बच्ची हालत देखकर गीडा पुलिस भी दंग रह गई। उसने राहुल की तहरीर पर कंचन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कंचन राहुल ने बताया कि कंचन पहले भी कई बार शान्वी को जला चुकी है। हर बार वह समझौता करता रहा है, लेकिन मंगलवार को तो उसने हद ही पार कर दी। पांच वर्ष की मासूम बच्ची का उसने पूरा बदन ही जला दिया। दर्द से कराहती बच्ची की चीख सुनकर वह अपने आप को नहीं रोक सका और उसने निर्णय लिया कि अब उसे पत्नी के विरुद्ध कड़ा फैसला लेना होगा।
प्रभारी निरीक्षक गीडा राहुल सिंह ने बताया कि महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गोद में छोटी बच्ची होने से रात में उसे घर भेज दिया गया। पता चल रहा है कि वह वहां अपने पति से विवाद कर रही है। अब उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।