शामली। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए जिले में कंपोजिट विद्यालय डांगरोल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार का चयन हुआ है। उन्हें शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा। उनके चयन पर विद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को हर साल राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। हर जिले से एक शिक्षक का चयन राज्य स्तरीय समिति करती है। इस बार जिले से सात अध्यापकों ने राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन किया था।
आवेदन करने वालों में प्राथमिक विद्यालय किवाना से अजय तोमर, कंपोजिट विद्यालय डांगरोल से मनोज कुमार, कंपोजिट विद्यालय सोंटा से विकास राठी, प्राथमिक विद्यालय बंतीखेड़ा से उपेंद्र कुमार, कंपोजिट विद्यालय नाला से अजय मलिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन से शाइस्ता और कंपोजिट विद्यालय जगनपुर से विजय शर्मा शामिल रहे। शासन से शनिवार को जारी सूची में शामली जिले में कांधला ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय डांगरोल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार का चयन हुआ है। इन्हें पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। उनके चयन पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
पहले जिला व राज्य स्तर पर मिल चुका पुरस्कार
गांव भभीसा निवासी प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि डांगरोल के विद्यालय में उनकी 12 साल पहले नियुक्ति हुई थी। उस समय कॉलेज में गंदगी के ढ़ेर, घासफूस व झाड़ियां खड़ी थीं। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से सफाई कराई। कक्षा एक से आठ तक के कंपोजिट विद्यालय में 202 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। उन समेत पांच अध्यापक तैनात हैं। उन्हें सबसे पहले 2013 में मुजफ्फरनगर के तत्कालीन डीएम सुरेंद्र सिंह ने सम्मानित किया था। उस समय उन्होंने जनपद स्तरीय शिक्षक एवं मेधावी छात्र खोज प्रतियोगिता कराई थी। इसमें उनके विद्यालय के छात्र शुभम का चयन हुआ था। 2017 में नवाचार दक्षता परीक्षा में पहले तीन स्थान पर उनके विद्यालय के बच्चे रहे।
2019 में आओ जाने क्या सीखा परीक्षा में उनके विद्यालय के एक बच्चे का चयन हुआ। 2019 में ही नवोदय विद्यालय में दो बच्चों को प्रवेश मिला। इसी साल तत्कालीन एसडीएम कैराना अमित पाल द्वारा कांधला ब्लॉक की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई गई थी। जिसमें पहले तीन स्थानों पर उनके विद्यालय के बच्चे रहे थे। 2019 व 2021 में उन्हें जिला स्तर पर बेस्ट टीचर अवार्ड दिया गया। 2021 में ही उन्हें एडूलीडर्स राज्य स्तरीय पुरस्कार मिल चुका है।