मुजफ्फरनगर. नागरिकों के मन-मस्तिष्क में राष्ट्रप्रेम की भावना जाग्रत करने के लिए इस बार स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम होगा। शासन से इसके लिए गाइडलाइन जारी हुई है। जनपद में घरों पर 5.20 लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य मिला है। प्रशासन ने इस कार्यक्रम के लिए रूपरेखा तैयार की है। स्वयं सहायता समूहों से कपड़े के तिरंगे बनवाए जाएंगे। एक लाख तिरंगे प्रशासन की ओर से बांटे जाएंगे।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित होगा। 11 से 17 अगस्त तक यह कार्यक्रम जिले में उत्साहपूर्वक चलेगा। कार्यक्रम के तहत जनपद की सभी 478 ग्राम पंचायत, शहर और कस्बों में स्थित घरों पर तिरंगे फहराए जाएंगे। शासन से तिरंगा फहराने का लक्ष्य दिया है। जनपद के 5.20 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही जिले में 6.20 लाख तिरंगे स्वयं सहायता समूह की ओर से बनाए जाएंगे।
एक लाख तिरंगे सरकारी भवनों, स्कूल-कालेजों समेत सार्वजनिक स्थलों पर फहराए जाएंगे। सरकारी विद्यालयों में बच्चों को तिरंगे वितरित किए जाएंगे। प्रभारी जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारी की शुरू कर दी गई है। जल्द ही डीएम चंद्र भूषण सिंह सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। एक लाख तिरंगे प्रशासन की ओर से बांटे जाएंगे।
तिरंगे का आकार जल्द तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना जाग्रत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। समूह सखियों की बढ़ेगी आय हर घर तिरंगा कार्यक्रम से स्वयं सहायता समूह की आय में बढ़ोतरी भी होगी। जनपद में 780 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। महिला प्रधान समूहों को तिरंगा बनाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
समूह सखी शिक्षण संस्थानों, विभिन्न संगठनों को तय की गई दरों पर तिरंगे देंगी। इसके साथ ही समूह से नागरिक सीधे भी तिरंगे तय दरों पर ले सकते हैं। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी लोगों को इसके लिए प्रेरित भी करेंगे। छह लाख तिरंगों से उनकी आर्थिक स्थिति में लाभ होगा।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम को समिति गठित हर घर तिरंगा कार्यक्रम के लिए शासन के दिशा-निर्देश पर जनपद में समिति का गठन कर दिया गया है। डीएम चंद्र भूषण सिंह समिति में अध्यक्ष, एसएसपी अभिषेक यादव और सीडीओ संदीप भागिया उपाध्यक्ष हैं। इसके लिए सीएमओ, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डीआईओएस, बीएसए, एआरटीओ, आइटीआइ प्राचार्य, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक व जिला पंचायत राज अधिकारी सदस्य हैं।