नई दिल्ली. मनोरंजन जगत के किस्से और कहानियां अक्सर फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बने रहते हैं। चकाचौंध से भरी इस दुनिया के इन किस्सों का जिक्र लोगों की जुबां पर रहता है। सिने प्रेमियों को फिल्मी दुनिया और इसके कलाकारों के जीवन में काफी दिलचस्पी रहती है। लोगों की इसी दिलचस्पी को देखते हुए अमर उजाला ने बॉलीवुड गॉसिप्स नाम की एक सीरीज की शुरुआत की है, जिसे पढ़कर आप ना सिर्फ हैरान होंगे, बल्कि चौकेंगे भी। इसी क्रम में आज इस सीरीज के तहत जानेंगे मशहूर पौराणिक सीरियल रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी के जीवन से जुड़े एक अनसुने पहलू के बारे में-
रामानंद सागर की रामायण अपने दौर के मशहूर धारावाहिकों में से एक थी। इस शो के हर एक किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। यही नहीं लोगों के बीच इन सभी किरदारों की लोकप्रियता इस हद तक बढ़ गई थी कि उनकी भूमिकाओं के अनुसार लोग असल जिंदगी में भी उन्हें ऐसा ही मानने लगे थे। एक तरफ जहां लोग राम और सीता बने अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को भगवान मानकर पूजने लगे तो वहीं रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी को असल में रावण मानकर उनसे नफरत करने लगे थे।
रामायण में लंका पति का किरदार निभाने वाले अरविंद असल जिंदगी में राम के बहुत बड़े भक्त थे। इस बारे में खुद अभिनेता ने कई बार खुलासा किया था। शो में उन्होंने अपने इस किरदार को इतना बखूबी निभाया था कि लोग उन्हें असल में रावण मानने लगे थे। लेकिन बेहतरीन अदाकारी के साथ रावण का किरदार निभाना अरविंद त्रिवेदी को असल जिंदगी में तब काफी भारी पड़ गया था, जब अपने इस किरदार की वजह से उन्हें मंदिर में दर्शन तक करने नहीं दिए गए थे।
बात साल 1994 की है जब अरविंद त्रिवेदी अयोध्या के हनुमानगढ़ी में संकट मोचन के दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद प्रमुख पुजारी ने अरविंद को हनुमान जी के दर्शन करने से मना कर दिया। दरअसल पुजारी का यह मानना था कि उन्होंने शो में कई बार भगवान राम के लिए अपशब्द का इस्तेमाल कर उनका अपमान किया था। ऐसे में पुजारी इस बात पर अडिग थे कि वह उन्हें दर्शन करने नहीं देंगे। बार-बार प्रार्थना करने पर भी पुजारी ने अभिनेता की एक न मानी और एक्टर बिना दर्शन किए ही वापस लौट गए।
कई रिपोर्ट में यह दावा किया जाता है कि इस घटना के बाद अरविंद त्रिवेदी को काफी बुरा लगा था। वह इस बात से काफी आहत थे कि उन्होंने सीरियल में भगवान राम के लिए कई बार अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। ऐसे में अपने इन पापों का प्रायश्चित करने के लिए अरविंद त्रिवेदी ने अपने घर की दीवारों पर रामायण के दोहे और चौपाइयां लिखवा डाली थीं। इतना ही नहीं उन्होंने अपने घर के बाहर श्री राम दरबार का एक बड़ा बोर्ड भी लगवा दिया था। खबरों के मुताबिक अभिनेता हर साल अपने घर में रामायण का पाठ भी करवाते थे।